आरोपी पोकलेन आपरेटर हरियाणा से गिरफ्तार
सड़क खुलवाने के लिए पोकलेन आपरेटर व मृतक के बीच हुई थी कहासुनी

कोटद्वार। पुलिस ने हत्या के मामले में फरार आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गत शनिवार रात्रि मल्ली सतपुली के निकट एक युवक की पोकलेन मशीन के बकेट से हमला कर हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
गौरतलब है कि विगत शनिवार की रात्रि लगभग साढ़े ग्यारह बजे सुमन देवरानी निवासी नौसिन डाडामंडी अपने साथी रजनीश जुयाल के साथ गुमखाल से सतपुली की ओर आ रहा था। इस दौरान मल्ली सतपुली के पास सड़क चौड़ीकरण हेतु कटिंग का कार्य चल रहा था। मृतक सुमन देवरानी की सड़क खोलने हेतु पोकलेन आपरेटर के साथ कहासुनी हो गई थी। जिसमें पोकलेन आपरेटर द्वारा पोकलेन के बकेट से सुमन देवरानी पर अचानक हमला किया गया। जिससे सुमन देवरानी की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात के बाद और पोकलेन आपरेटर प्रवीण सिंह घटनास्थल से फरार हो गया था।
थाना सतपुली पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा-103 (1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया था। थानाध्यक्ष सतपुली जगमोहन सिंह रमोला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा आरोपी प्रवीण सिंह बर्थवाल पुत्र जसपाल सिंह निवासी ग्राम चुनार मारवाडी जोशीमठ जनपद चमोली को सोमवार रात्रि यमुनानगर (हरियाणा) से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार हत्यारोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जयपाल सिंह चौहान प्रभारी सीआईयू, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, उपर उपनिरीक्षक सुशील चौधरी, आरक्षी हरीश सीआईयू, आरक्षी अमरजीत सीआईयू व आरक्षी सुरेश शाह शामिल रहे।











