अपर जिलाधिकारी ने किया राजकीय संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण, आवश्यक दिशा निर्देश दिए

पौड़ी। अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति ने राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

गुरुवार को निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी और समिति ने स्टोर कक्ष, रसोईघर, मनोरंजन कक्ष, शैक्षणिक गतिविधियां, स्वास्थ्य सेवाऐं और सुरक्षा प्रबंधन का जायजा लिया। उनके द्वारा रसोईघर की स्वच्छता का निरीक्षण कर बच्चों को परोसे जा रहे भोजन का स्वाद चखकर गुणवत्ता की जांच भी की गयी।
इस दौरान उनके द्वारा खेलकूद सामग्री, पुस्तकालय और मनोरंजन साधनों की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान स्वच्छता और शैक्षणिक गतिविधियों को और बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पर्याप्त मनोरंजन सुविधाऐं मुहैया करायी जाऐं। उन्होंने कहा कि संप्रेक्षण गृह में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सकारात्मक वातावरण होना आवश्यक है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने बच्चों से संवाद कर उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं को सुना। बच्चों ने पढ़ाई, भोजन व्यवस्था और मनोरंजन गतिविधियों के अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर एसीएमओ डा. विनय कुमार त्यागी, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार, एसीएमओ डा. अमित मेहरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


