ग्रामीणों को बागवानी के लिए प्रेरित कर रहे हैं : आनंद सिंह नेगी
विभिन्न प्रजातियों के 2200 पौधे करेंगे वितरित

पौड़ी (जगमोहन डांगी)। विकास खंड कोट निवासी पर्यावरण प्रेमी एवं समाजसेवी आनंद सिंह नेगी द्वारा क्षेत्र में मुहिम चलाकर काश्तकारों को बागवानी के प्रति जागरूक कर विभिन्न प्रजातियों के फलदार पेड़ों का वितरण किया जा रहा है। उनकी इस पहल की ही कोई सराहना कर रहा है।
सोमवार को विकास खंड कोट के ग्राम क्वीराली में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने किया। उन्होंने कहा कि एक पेड़ दस पुत्रों के बराबर है। जहां आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से जूझ रही है। ऐसे में ग्राम पंवाई निवासी पर्यावरण प्रेमी आनंद सिंह नेगी की यह पहल पर्यावरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
इस मौके पर पर्यावरण प्रेमी आनंद सिंह नेगी ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र के काश्तकारों को बागवानी के प्रति जागरूक करने की पहल की है। क्षेत्र को हरा भरा करने के लिए काश्तकारों को फलदार पौधे लगाने के लिए प्रेरित कर जागरूक किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र में काश्तकारों को विभिन्न प्रजाति के फलदार पौधों को वितरित करने का अभियान चलाया है। जिसके तहत वह काश्तकारों को आंवला, आम, अमरूद व संतरा आदि विभिन्न प्रजातियों के 2200 फलदार पौधे वितरित करेंगे।
वहीं, कोट ब्लाक के नवनिर्वाचित प्रमुख गणेश कोहली द्वारा भी आनंद सिंह नेगी द्वारा चलाई जा रही इस मुहिम की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि भले ही आनंद सिंह नेगी चंद वोटो से क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनाव में असफल हो गए। लेकिन उन्होंने पर्यावरण संरक्षण व समाज सेवा से कभी मुंह नहीं मोड़ा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वह बागवानी कर अपनी आर्थिकी में सुधार ला सकते हैं।
इस मौके पर कोट ब्लाक के कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाई, धर्मवीर सिंह नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष हिम्मत सिंह नेगी, स्वास्थ्य मंत्री के प्रतिनिधि क्रांति किशोर नेगी सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय काश्तकार मौजूद रहे।


