विधानसभा अध्यक्ष ने ध्वजारोहण कर गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी

देहरादून। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित विधान सभा भवन में ध्वजारोहण कर पुलिस परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

ध्वजारोहण के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष खण्डूरी ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे देश की लोकतांत्रिक प्रणाली और भारतीय संविधान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने भारतीय संविधान के उद्देशिका को जीवन में अपनाने और उसकी अवहेलना न करने की आवश्यकता पर बल दिया।
खण्डूडी ने संविधान के महत्व को बताते हुए कहा कि हमारे संविधान के सिद्धांतों में स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व की भावना निहित है, जो हमारे देश की प्रगति और विकास में मार्गदर्शक बने हुए हैं। हमें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करना चाहिए। इस अवसर पर विधानसभा कर्मियों को संविधान उद्देशिका व उसके सिद्धांतो को अपनाने की शपथ भी दिलाई गयी।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों को मिष्ठान व उपहार का वितरण किया। उन्होंने बच्चों को गणतंत्र दिवस के बारे में जानकारी देकर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में समझाया व उन्हें देश।सेवा में योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यक्रम के अंत में सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक तथा हमारे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति हमारी जिम्मेदारी का स्मरण भी करवाया है।
इस अवसर पर अपर सचिव विधायी अरविन्द भट्ट, प्रभारी सचिव विधानसभा हेम पन्त, विशेष कार्यधिकारी अशोक शाह, विशाल शर्मा व दीप चन्द आदि अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।











