मुख्यमंत्री धामी आंध्र का दौरा स्थगित कर पहुंचे कंट्रोल रूम, स्थिति का लिया जायजा
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रवाना, चिकित्सकीय अवकाश पर लगी रोक

देहरादून। उत्तरकाशी मे बादल फटने की घटना के बाद आंध्र प्रदेश दौरे को बीच में ही स्थगित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री धामी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आपदा क्षेत्र में समस्त संबंधित एजेंसियों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत कार्य संचालित किये जा रहे हैं।
भीषण आपदा के बाद राज्य सरकार पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित चिकित्सकीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं, ताकि समय पर पीड़ितों तक सहायता पहुंच सके।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रवाना
स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने आपदा की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम तत्काल धराली क्षेत्र के लिए रवाना करने के निर्देश दिए हैं। इस टीम में सर्जन, निश्चेतक, फिजीशियन और आर्थोपेडिक सर्जन शामिल हैं। टीम का संचालन गढ़वाल मंडल के निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को सौंपा गया है। जिन्हें इस आपदा में नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
अस्पतालों में बेड आरक्षित तथा चिकित्सकीय अवकाश पर रोक
स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने आपदा प्रबंधन के तहत राज्य के समस्त प्रमुख चिकित्सालयों को निर्देश दिए कि गंभीर रूप से घायल मरीजों के इलाज के लिए बेड आरक्षित रखें। साथ ही स्थिति सामान्य होने तक समस्त चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह सुनिश्चित किया गया है कि अस्पतालों में दवाओं, सर्जिकल सामग्री और चिकित्सा उपकरणों की कोई कमी न रहे।
108 एंबुलेंस सेवा हाई अलर्ट पर
धराली और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में 108 एंबुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इन सेवाओं के माध्यम से घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार देना, उन्हें निकटतम अस्पतालों तक पहुंचाना और संवेदी वर्गों की प्राथमिक चिकित्सा सुनिश्चित करना प्रमुख उद्देश्य है। आसपास के जनपदों से भी एंबुलेंस सेवाओं को समन्वय कर आपदा क्षेत्र में भेजा गया है।
जिला स्तरीय आपात नियंत्रण कक्ष स्थापित
स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि उत्तरकाशी जिले में 24×7 सक्रिय एक आपात नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। यह नियंत्रण कक्ष राहत और चिकित्सा कार्यों की निरंतर निगरानी कर आवश्यक समन्वय स्थापित करेगा, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर किया जा सके।














