उत्तराखण्डपौड़ी

कांग्रेसजनों ने 61वीं पुण्यतिथि पर पंडित जवाहरलाल नेहरू को किया याद

कोटद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर याद किया गया। इस मौके पर उपस्थित वक्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के विराट व्यक्तित्व, स्वतंत्रता संग्राम में उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर गहराई से प्रकाश डाला।

गोखले मार्ग स्थित महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में उपस्थित कांग्रेसजनों द्वारा नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने पंडित नेहरू के योगदान का स्मरण करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर गहराई से प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित नेहरू केवल स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री ही नहीं थे। बल्कि वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी सेनानी भी रहे। उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में असहयोग आंदोलन, सविनय अवज्ञा आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाई थी। अंग्रेजों द्वारा उन्हें कई बार कारावास में डाला गया, लेकिन उनका उत्साह, विचार और प्रतिबद्धता कभी कमजोर नहीं पड़ी।

वक्ताओं ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू का राजनीतिक जीवन त्याग, तपस्या और विचारधारा पर आधारित था। वह भारतीय जनता की आकांक्षाओं के प्रतीक बन चुके थे तथा आजादी के बाद उन्होंने भारत को एक सशक्त, आधुनिक और वैज्ञानिक सोच वाला राष्ट्र बनाने के लिए अद्वितीय कार्य किए थे। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। पंचवर्षीय योजनाओं से देश को आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन हमें राष्ट्रवाद का अर्थ विभाजन नहीं, बल्कि एकता, समरसता और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देना सिखाता है।

गोष्ठी की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल ने तथा संचालन कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय रावत, सेवादल महानगर अध्यक्ष महावीर सिंह रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, कोषाध्यक्ष सुदर्शन रावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील दत्त सेमवाल, कोटद्वार विधानसभा अध्यक्ष साबर सिंह नेगी, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, विजय माहेश्वरी, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, जिला पूर्व सैनिक उपाध्यक्ष चंद्रमोहन सिंह रावत, महामंत्री उपेंद्र सिंह नेगी, सचिव मानशेर सिंह सैनी, महामंत्री नीरज बहुगुणा व सचिव विनोद कुमार समेत अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

चन्द्रपाल सिंह चन्द

संपादक - देवभूमि दर्पण
Back to top button