उत्तराखण्डनैनीताल

एनयूजे की निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष बनी दया, गुरुरानी बने महासचिव

राज्य स्तरीय द्विवार्षिक महाधिवेशन हल्द्वानी में हुआ संपन्न

हल्द्वानी। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट (एनयूजे) का राज्य स्तरीय द्विवार्षिक महाधिवेशन हल्द्वानी में संपन्न हो गया। इस दौरान प्रदेश की नवीन कार्यकारिणी का गठन किया गया।
निर्वाचित कार्यकारिणी द्वारा संगठन की मजबूती और पत्रकारों की समस्याओं के निदान के लिए प्राथमिकता से कार्य करने का संकल्प लिया गया। कार्यकारिणी में बागेश्वर जनपद के दो मीडिया कर्मियों को अहम जिम्मेदारी दी गयी है।

शनिवार शाम महाधिवेशन के पहले दिन कटघरिया स्थित एक बैंकेट हाल में आयोजित कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र भट्ट द्वारा पुरानी कार्यकारिणी को भंग करते हुए नवीन कार्यकारिणी की चयन प्रक्रिया शुरू की गयी। प्रक्रिया के तहत विभिन्न जनपदों से आए पत्रकारों के बीच से उन्नीस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। चयनित सदस्यों के बीच से पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। महासचिव तथा सचिव को छोड़कर शेष समस्त पदाधिकारी निर्विरोध चुने गए।

प्रदेश कार्यकारिणी में दया जोशी को अध्यक्ष, दीपक पाठक (बागेश्वर), सुशील शर्मा (हरिद्वार) को उपाध्यक्ष तथा हरपाल सिंह (हरिद्वार) को निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुना गया। महासचिव पद पर हुए चुनाव में गोपाल दत्त गुरुरानी (अल्मोड़ा) ने अरुण कुमार मोगा (देहरादून) को चौदह मतों से पराजित कर विजयी घोषित हुए। कार्यकारिणी में सचिव के दो पदों के लिए जगदीश उपाध्याय (बागेश्वर) व पुष्पेंद्र राणा (पौड़ी) व प्रमोद पाल (हरिद्वार) के बीच चुनाव हुआ। जिसमें सोलह मत लाकर जगदीश और 15 मत लाकर पुष्पेंद्र सचिव बने, प्रमोद को पांच मत मिले। इसके अलावा कार्यकारिणी में दो संगठन मंत्री गिरीश बिष्ट (चंपावत) व कैलाश भट्ट (अल्मोड़ा) तथा दो प्रचार मंत्री बाबा आदित्यनाथ (चंपावत) व समीर परवेज (उधमसिंह नगर) निर्विरोध बने। कार्यकारिणी के नौ सदस्यों में बागेश्वर जिले से संजय साह जगाती (बागेश्वर) भी शामिल हैं।

रविवार को महाधिवेशन के अंतिम दिन आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महापौर गजराज सिंह बिष्ट, विशिष्ट अतिथि विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट तथा वरिष्ठ पत्रकार गणेश पाठक उपस्थित रहे। इस मौके पर समस्त चयनित पदाधिकारियों का मल्यार्पण व स्वागत कर उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गयी।

महाधिवेशन में संगठन के संस्थापक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोक चंद्र भट्ट ने नवीन कार्यकारिणी के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन एक परिवार की तरह होता है। हर किसी सदस्य की इसमें अपनी भूमिका होती है। उन्होंने नयी कार्यकारिणी के साथ ही उपस्थित समस्त सदस्यों से संगठन को आगे बढ़ाने के लिए तन, मन व धन से सहयोग करने को कहा। भट्ट ने कहा कि जब हर कोई सदस्य अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से समझेगा तभी संगठन की गाड़ी सही दिशा में आगे बढ़ेगी।

मुख्य अतिथि महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि किसी भी युग में पत्रकारों का महत्व कम नहीं हुआ और न कभी होगा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनो में अखबारों की भूमिका अहम रही है। पत्रकारों को भी नकारात्मक खबरों की बजाय जनता के बीच स्पष्ट बात सत्यता से पहुंचानी चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने कहा कि वह सिर्फ इस कार्यक्रम के लिए देहरादून से आए वहीं दो साल पहले वह रुद्रपुर भी आए थे। जनप्रतिनिधि की अपनी गरिमा होती है तथा उनके रहने से कार्यक्रम में उल्लास रहता है। उन्होंने कहा कि विधायक बिष्ट और महापौर ने पत्रकारिता पर जो बात रखी उस पर संज्ञान लेकर परस्पर संवाद होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी यूनियन में ग्यारह लाख की राशि होना और युनियन द्वारा सामयिक कार्य भी करना एक बड़ी ताकत है।

आयुक्त योगेश भट्ट ने कहा कि इस युग में मीडिया का प्रभाव बढ़ा है। लेकिन पत्रकारिता कम हो गई है। पत्रकारों की फौज बढ़ गई है, जबकि पत्रकार बनने वालों की बेहद कमी है। लेकिन आज पत्रकारिता को बचाना समय की मांग है। पत्रकारिता करने वाला अपने घर का खर्चा बहुत मुश्किल से चलाता है।आज हर कोई पत्रकारों का इस्तेमाल कर उसे अपने हिसाब से चलाता है। उन्होंने कहा पत्रकार जवाबदेह होता है, उसे अपनी जिम्मेदारी से खबर छापनी चाहिए। वहीं, पत्रकारिता पर सवाल उठाने से पहले समाज को भी पत्रकार को पहचानना होगा।

इस मौके पर समस्त जनपदों से पहुंचे एनयूजे के समस्त मीडियाकर्मी व अनेक अतिथिगण मौजूद रहे।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

चन्द्रपाल सिंह चन्द

संपादक - देवभूमि दर्पण
Back to top button