मेधावी छात्र छात्राओं को वीर पुरिया नैथानी ट्रस्ट ने छात्रवृति देकर किया सम्मानित

पौड़ी। वीर पुरिया नैथानी ट्रस्ट द्वारा विकास खंड कल्जीखाल के अंतर्गत राइका पुरियाडांग में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी छात्र छात्राओं को बतौर छात्रवृत्ति नगद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।

गुरुवार को राइका पुरियाडांग में एक छात्रवृति सम्मान समारोह का आयोजित किया गया। जिसमें वीर पुरिया नैथानी ट्रस्ट के संस्थापक निर्मल नैथानी एवं अध्यक्ष सुनील कुमार नैथानी द्वारा बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले समस्त मेधावी छात्र छात्राओं को बतौर छात्रवृत्ति नगद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा कु. रिषिका (447 अंक), कु. दीया (380 अंक) व कु. अनुष्का नैथानी (361अंक) सहित इण्टरमीडिएट में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा कु. कंचन शाह, कु. महक व कु. साक्षी थपलियाल को ट्रस्ट द्वारा छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ट्रस्ट द्वारा विगत वर्ष कल्जीखाल विकास खंड में हाई स्कूल बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र शुभम रावत को नगद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। ट्रस्ट द्वारा लाइब्रेरी हेतु बीर पुरिया नैथानी की वीर गाथाओं पर आधारित कुछ पुस्तकें विद्यालय के प्रधानाचार्य को सौंपी गयी।
इस अवसर पर समाजिक एवं पराविधिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने विधिक जागरूकता एवं साक्षरता तहत छात्र छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को नालसा तथा राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनजागरूक कर नालसा द्वारा जनहित में टोल फ्री नंबर15100 के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गयी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार घुनियाल ने अपने संबोधन में वीर पुरिया नैथानी ट्रस्ट का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट द्वारा विगत छह वर्षों से बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर हमारे विद्यालय का मान सम्मान बढ़ाया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य मनोज कुमार घुनियाल ने तथा संचालन हिंदी प्रवक्ता कांति कुमार आर्य ने किया। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष जसवीर रावत, जागरूक अभिभावक मनोज नैथानी, ट्रस्ट के सदस्य राजेंद्र प्रसाद नैथानी सहित अन्य अभिभावक शिक्षक शिक्षिकाओं सहित छात्र छात्राएं उपस्थित थे।











