उत्तराखण्डक्राइम/दुर्घटना

सड़क दुर्घटना में एक किशोरी की मौत, दो घायल

नशेड़ी वाहन चालक सहायक खंड विकास अधिकारी गिरफ्तार

नैनीताल। कोटाबाग क्षेत्र में हुए एक सड़क दुर्घटना में एक किशोरी की मौत हो गयी। जबकि दो अन्य घायल किशोरियों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार कार चालक खंड विकास कार्यालय कोटाबाग में तैनात सहायक खंड विकास अधिकारी है। दुर्घटना के वक्त वह नशे की हालत में तेज रफ्तार से कार चला रहा था।


मिली जानकारी के मुताबिक कोटाबाग क्षेत्र में आयोजित उत्तरायणी मेले से नाथूनगर निवासी आनंद सिंह की पुत्री कु. कनक (17 वर्ष) व कु. माही (14 वर्ष) अपनी सहेली कु. ममता (15) पुत्री जितेंद्र सिंह के साथ पैदल वापिस आ रही थी।

इस दौरान बीआरसी के पास एक तेज रफ्तार कार ने तीनों किशोरियों को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत वहां से भाग निकला। स्थानीय निवासियों द्वारा तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां, अस्पताल में उपचार के दौरान माही ने दम तोड़ दिया। जबकि बुरी तरह घायल ममता व कनक को उपचार के लिए हल्द्वानी के मुखानी स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में दाखिल कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर चौक प्रभारी रमेश चंद्र पंत ने मौके पर पहुंच कर घटना की जानकारी जुटायी। पुलिस ने वाहन चालक भूपेंद्र सिंह निवासी लोहरियासाल ऊंचा पुल हल्द्वानी (नैनीताल) को गुराड़ी नाले के पास मय वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोटाबाग में सहायक खंड विकास अधिकारी है। पुलिस ने अस्पताल में आरोपी का मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट में आरोपी के नशे में होने की पुष्टि हुयी है।

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

चन्द्रपाल सिंह चन्द

संपादक - देवभूमि दर्पण
Back to top button