उत्तराखण्डपौड़ी

लैंसडाउन पहुंचे सैनिक कल्याण मंत्री जोशी, शहीद सम्मान समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी होंगे मुख्य अतिथि

कोटद्वार। प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी कल रविवार 5 अक्टूबर को होने वाले शहीद सम्मान समारोह की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने लैंसडाउन पहुंचे। इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

शनिवार को लैंसडाउन के परेड मैदान में हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद मंत्री जोशी सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे। जहां उन्होंने समारोह स्थल पर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी गरिमा और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी प्रकार की कमी न हो। मंत्री जोशी ने कहा कि लैंसडाउन उनकी कर्मभूमि रही है और यहां आकर उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1976 में उन्होंने यहीं से एक राइफलमैन के रूप में भारतीय सेना में भर्ती होकर राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया था।

जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा लैंसडाउन में शहीद सम्मान समारोह आयोजित करने की सहमति देना, सैनिकों और उनके परिजनों के प्रति राज्य सरकार की गहरी संवेदनशीलता को दर्शाता है।

निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर अमृतलाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल वीरेंद्र प्रसाद भट्ट, उप जिलाधिकारी शालिनी मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल सहित सेना, जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।

Ad Ad Ad

चन्द्रपाल सिंह चन्द

संपादक - देवभूमि दर्पण
Back to top button