जिलाधिकारी ने किया आमसौड़ का निरीक्षण, अधिकारियों को दिये आवश्यक निर्देश

कोटद्वार। जिलाधिकारी ने विकासखंड दुगड्डा अंतर्गत ग्राम आमसौड़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि भूस्खलन की चपेट में आने वाले परिवारों को पहले से ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाय।

मंगलवार देर सायं जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने ग्राम आमसौड का स्थलीय निरीक्षण करते हुये अधिकारियों को निर्देशित किया कि मानसून सीजन से पहले भूस्खलन की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने भूस्खलन से बचाव हेतु सुरक्षा दीवार निर्माण करने को भी कहा। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि तेजी से बहने वाले पानी के बहाव को चैनलाइज कर संकटग्रस्त घरों को चिन्हित करके उनमें रहने वाले लोगों के विस्थापन की व्यवस्था भी की जाए।

जिलाधिकारी ने तहसीलदार कोटद्वार साक्षी उपाध्याय को प्रभावित हो रहे लोगों को तंबू देने, उन्हें सुरक्षित स्थलों पर ले जाने हेतु भविष्य की कार्ययोजना बनाने तथा अतिरिक्त चेकडैम बनाने के भी निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष पेयजल संकट की समस्या भी रखी। इस पर जिलाधिकारी ने पेयजल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध करायी जाय। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी को जल जीवन मिशन के तहत ग्राम पंचायत से समन्वय बनाने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता पेयजल निगम कोटद्वार आशीष मिश्रा, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











