मित्र पुलिस के कार्य व्यवहार की प्रशंसा कर युवक ने यातायात नियमों के पालन का लिया प्रण
मिष्ठान बांटकर मित्र पुलिस के बीच मनाया जन्मदिन

कोटद्वार। थाना लक्ष्मण झूला पुलिस के कार्य व्यवहार से प्रसन्न होकर हरियाणा निवासी एक युवक ने अपना जन्मदिन थाने में ही मनाया। इस दौरान युवक द्वारा पुलिसकर्मियों को मिष्ठान वितरित कर यातायात नियमों का पालन करने का प्रण लिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दोबाट तिराहे पर यातायात व्यवस्था में नियुक्त अपर उपनिरीक्षक विनोद प्रसाद चमोली, आरक्षी मनोज तथा होमगार्ड विवेक ध्यानी मौजूद थे। दोपहर में एक एसयूवी वाहन अचानक वन वे में प्रवेश कर गया। उपनिरीक्षक विनोद चमोली जब यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्यवाही करने लगे तो एसयूवी चालक निखिल स्याल ने पुलिस से माफी मांगते हुए बताया कि आज उसका जन्मदिन है। जन्मदिन के अवसर पर मैं हमेशा एक नया प्रण लेता हूं। आज भी मैं प्रण करता हूं कि हमेशा यातायात नियमों का पालन करूंगा। युवक की बात से प्रभावित होकर अपर उपरीक्षक विनोद चमोली द्वारा युवक को उसके मृदभाषी व्यवहार के कारण छोड़ दिया गया।
तत्पश्चात युक्त युवक मिष्ठान लेकर थाना लक्ष्मण झूला पहुंचा तथा थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल से मिलकर पुलिस के कार्य व्यवहार की प्रसंशा की गयी। युवक द्वारा थानाध्यक्ष पैथवाल से पुलिसकर्मियों के मध्य अपना जन्मदिन मनाने की इच्छा ब्यक्त की गयी।
इस मौके पर थानाध्यक्ष पैथवाल द्वारा निखिल को मिष्ठान खिलाकर व जन्मदिन की बधाई देकर उसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गयी। वहीं, निखिल स्याल द्वारा भी पुलिस के कार्य व्यवहार की सराहना कर हमेशा यातायात के नियमों का पालन करने का प्रण लिया गया।











