बारिश का कहर: बुरांसी गांव में अतिवृष्टि, दो महिलाओं व आठ पशुओं की हुई मौत
राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जानमाल की क्षति का लिया जायजा
पौड़ी। तहसील पौड़ी के अंतर्गत ग्राम बुरांसी में अतिवृष्टि के चलते दो महिलाओं की मलबे में दबने से मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम त्वरित द्वारा अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया गया तथा आपदा प्रभावितों को राहत सामग्री का वितरण किया गया।
अतिवृष्टि के चलते सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त होने एवं कई स्थानों पर भारी मलबा आने के बावजूद राजस्व विभाग की तीन टीमें चौंरीखाल, पाबौ तथा थलीसैंण से शाम साढ़े 5 बजे ग्राम बुरांसी पहुंची। जहां टीम द्वारा जान माल की क्षति का जायजा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात्रि में अतिवृष्टि से आये मलबे से आठ से दस भवन क्षतिग्रस्त हुये हैं। एक घर में मलबा पीछे की दीवार तोड़कर अन्दर घुस गया। जिससे घर के अन्दर सो रही दो सगी बहनों आशा देवी (55) धर्मपत्नी प्रेम सिंह व विमला देवी (58) धर्मपत्नी बलवंत सिंह की मलबे में दबने से मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों मृतक एक साथ ही रहती थी। जिलाधिकारी की विशेष अनुमति से मौके पर मृतकों के पंचनामे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है तथा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है।
राजस्व विभाग के प्राथमिक सर्वेक्षण के मुताबिक ग्राम बुरांसी निवासी अमर सिंह के 8 पशुओं की मृत्यु हुई है। जिसे 2 बैल, 2 गाय व 4 बकरी शामिल है। 8 में से 5 मृत पशुओं के शरीर बरामद कर लिया गया है। जबकि 1 गाय व 2 बकरी लापता है।
जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। इससे लगे ग्राम सैंजी में भी भूस्खलन से प्रभावित लोगों को अन्यत्र शिफ्ट किया गया करने के साथ ही राहत सामग्री वितरित की गई।














