उत्तराखंड विधानसभा हुयी डिजिटल, ई -विधानसभा एप्लिकेशन का शुभारंभ,
मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा को पूरी तरह से डिजिटल कर दिया गया है। मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने संयुक्त रुप से बजट सत्र शुरू होने से पूर्व ई -विधानसभा एप्लिकेशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज प्रदेश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक नए युग की शुरुआत हुयी है। यह डिजिटल Lबदलाव प्रदेश के विकास के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा।

आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा को डिजिटल बनाने की दिशा में यह पहल न केवल हमारे संसदीय लोकतंत्र को सशक्त करेगी। बल्कि पर्यावरण संरक्षण और पारदर्शिता को भी बढ़ावा देगी। अब विधानसभा की कार्यवाही पूरी तरह से कागज रहित होगी। जिससे न सिर्फ कागज की खपत कम होगी बल्कि संसदीय कार्य को तेजी, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से अंजाम दिया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस डिजिटल परिवर्तन के माध्यम से विधानसभा के सदस्य अब अपने प्रश्न, प्रस्ताव, नोटिस और दस्तावेज डिजिटल रूप से प्रस्तुत कर सकेंगे। इससे विधानसभा की कार्यवाही और संसदीय प्रक्रियाएं अधिक सुगम, तेज और तकनीकी रूप से सक्षम बनेंगी। वहीं जवाबदेही तथा पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा। जो लोकतंत्र की बुनियादी विशेषता है।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने संबोधन में कहा कि ई -विधानसभा एप्लिकेश का यह कदम न केवल पर्यावरणीय संतुलन के संरक्षण में सहायक होगा। बल्कि कार्य प्रणाली को अधिक सुसंगत, पारदर्शी और त्वरित बनाने में भी मदद करेगा। इस डिजिटल परिवर्तन के माध्यम से उत्तराखंड को एक स्मार्ट, सक्षम और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार राज्य के रूप में स्थापित किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि अब विधानसभा की समस्त कार्यवाही डिजिटल रूप से होगी। जिससे कागज की खपत कम होगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने बताया कि संसदीय प्रक्रिया में सुधार होगा। सदस्य अपने प्रश्न, प्रस्ताव, नोटिस और दस्तावेज डिजिटल रूप से प्रस्तुत कर सकेंगे। जिससे प्रक्रिया और अधिक सुव्यवस्थित होगी व उत्तराखंड के डिजिटल की दिशा में यह कदम उत्तराखंड को एक स्मार्ट और तकनीकी दृष्टि से सक्षम राज्य के रूप में स्थापित करेगा।
इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, रेखा आर्या व सौरभ बहुगुणा समेत अनेक विधायक उपस्थित थे।











