वाहन चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार, पांच दुपहिया वाहन बरामद
एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की

हल्द्वानी। पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के पांच दुपहिया वाहन बरामद हुए हैं। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने चोरी के खुलासे की सराहना करते हुए पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये के इनाम देने की घोषणा की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 अक्टूबर को हुई काठगोदाम निवासी विकास कुमार मंडल सहित दो अन्य व्यक्तियों द्वारा अपने दुपहिया वाहन चोरी होने की अलग अलग शिकायत थाना काठगोदाम में दर्ज कराई गई थी। पुलिस द्वारा चोरी के तीनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा मुखबिर की सटीक सूचना पर गौला पुल क्षेत्र में दबिश देकर चोरी हुई बाइक हीरो एचएफ डीलक्स मोटर साइकिल संख्या यूके04/एजी -1939 के साथ दो शातिर चोरों सौरभ आर्या व संजय बिष्ट को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की घटनाओं को स्वीकार करते हुए बताया कि वह चोरी किए गए वाहनों को बेचने की फिराक में थे। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस द्वारा दो अन्य बाइकें (स्प्लेंडर प्लस, पल्सर 135) व दो एक्टिवा स्कूटियां बरामद की गई। यह समस्त बरामद वाहन हल्द्वानी व काठगोदाम क्षेत्र से चोरी किए गए थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सौरभ आर्या के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, चोरी और बीएनएस की धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। जबकि आरोपी संजय बिष्ट वर्ष 2023 में चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैद्यानिक कार्यवाही की जा रही है।
