पांच बाटुकों का हुआ यज्ञोपवीत संस्कार, तीन किशोरियों को मिला देवभूमि बाल साहित्यकार सम्मान

लखनऊ। देवभूमि सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति कल्याणपुर (लखनऊ) के तत्वाधान में बसंत पंचमी के अवसर पर सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन किया गया। इस दौरान पांच बाटुकों ने कर्ण छेदन के उपरांत विधि विधान से जनेऊ धारण किया।


बरसाना उपवन कल्याणपुर में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम माँ सरस्वती की कुमाऊनी वंदना दैनि है जये माँ सरस्वती… प्रस्तुत की गयी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक ओपी श्रीवास्तव एंव उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा माँ सरस्वती को पुष्प अर्पित कर समाज की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की गयी।

कार्यक्रम में काशी विद्यापीठ के शास्त्री एवं साहित्याचार्य आचार्य कमल बहुगुणा के नेतृत्व में पं. संतोष जोशी, पं. सत्येंद्र पाठक, पं. पवन देव शास्त्री एवं पं. दिनेश जोशी जी द्वारा पांच बटुकों कुनाल भट्ट, पीयूष पंत, नितेश सिंह व वरुण पंत, अक्षत सिंह नेगी का विधि विधान से यज्ञोपवीत संस्कार कराया गया।

इस मौके पर विधायक ओपी श्रीवास्तव, उत्तराखंड महापरिषद के अध्यक्ष हरीश चंद पंत, संयोजक दीवान सिंह अधिकारी, महासचिव भरत सिंह बिष्ट, देवभूमि सामाजिक समिति के अध्यक्ष मदन सिंह बिष्ट, महासचिव जगत सिंह राणा, संयोजक मंगल सिंह रावत तथा पूरन जीना व कार्यक्रम प्रभारी पूरन चंद्र जोशी समेत परिजनों ने बाटुकों को आशीर्वाद प्रदान किया। समिति द्वारा उपस्थितजनों को प्रसाद स्वरूप उत्तराखंड का पारंपरिक भोज वितरित किया गया।

कार्यक्रम में बाल साहित्यकारों कु. गार्गी घुघत्याल, कु. मिताली सिंह व कु.कनिष्का सिंह को देवभूमि बाल साहित्यकार सम्मान से भी नवाजा गया।कार्यक्रम में बटुकों के परिवारजनों समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।











