उत्तराखंड को नशामुक्त व देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में करें कार्य : योगी आदित्यनाथ
तीन दिवसीय भ्रमण पर अपने पैतृक ग्राम पंचूर पहुंचे योगी

कोटद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने तीन दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत अपने ग्राम पंचूर पहुंचे। यहाँ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर 100 फिट ऊंचे तिरंगे व दो दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका गौरक्ष का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री योगी का हैलीकाप्टर आज कांडी स्थित हैलीपैड में उतरा। जहां उनका स्वागत करने अनेक लोग मौजूद रहे। हैलीपैड से वह राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी पहुंचे। जहां उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ ब्रह्मलीन राष्ट्रसंत महंत अवेदनाथ जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने स्व. आनंद सिंह बिष्ट स्मृति पार्क में 100 फिट तिरंगे व दो दिवसीय किसान मेले का उद्घाटन किया। इससे पूर्व उन्होंने सिद्धपीठ महादेव मंदिर के दर्शन कर वहां पूजा अर्चना की। उन्होंने विद्यालय की गौरक्ष पत्रिका का विमोचन भी किया। वहीं लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का चेक वितरण किए। इसके अलावा उन्होंने गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय पतनगर द्वारा लगाए गए स्टालों का अवलोकन भी किया।

महाविद्यालय बिथ्याणीं में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनके गुरु महंत अवैद्यनाथ और पूजनीय पिताजी ने इस महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय विथ्याणी की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी। उन्होंने भारत में खाद्यान्न संकट की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय ने हरित क्रांति की शुरुआत कर देश को खाद्य सुरक्षा प्रदान करने में अहम योगदान दिया था।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्तमान में भारत की जनसंख्या लगभग 140 करोड़ है। जिसमें 80 करोड़ लोगों को सरकार पिछले पांच वर्षों से मुफ्त राशन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने उत्तराखंड में डेयरी और पशुपालन की अपार संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि बकरी का दूध अत्यधिक गुणकारी होता है और कई रोगों के उपचार में सहायक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और कृषि व पशुपालन को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भरता प्राप्त की जा सकती है, जिससे पलायन को रोका जा सकेगा। उन्होंने बताया कि किसान मेले के माध्यम से स्थानीय लोगों को बकरी व कुक्कुट वितरण किया जा रहा है।

उन्होंने उत्तराखंड को भारत का “मुकुट मणि” बताते हुए कहा कि यह राज्य राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रदेश को नशामुक्त बनाने और इसे देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में कार्य करने की अपील की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात भी की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी के ओएडसी आरबीएस रावत, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत, स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट, कुलपति गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर मनमोहन सिंह चौहान, निदेशक राष्ट्रीय डेरी अनुसंधान केंद्र करनाल धीर सिंह, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा एके उनियाल, सचिव विपिन रावत वार मेमोरियल संस्था मनजीत नेगी, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, प्राचार्य महाविद्यालय विथ्याणी योगेश कुमार शर्मा, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, उप जिलाधिकारी यमकेश्वर अनिल चन्याल, उप जिलाधिकारी लैंसडौन शालिनी मौर्य, उप जिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा सहित अन्य अधिकारी व स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।











